"You must change with the times" वक्त के साथ बदलना बेहद जरूरी

वक्त के साथ बदलना बेहद जरूरी

परिवर्तन संसार का शाश्वत नियम है। समय के अनुसार परिवर्तन होता रहता है, इसलिए बदलाव भी जिंदगी का एक अहम पहलू है। जो वक्त के साथ खुद को नहीं बदलते, वे गुमनामी के परदे के पीछे ढकेल दिए जाते हैं। अपने आपको परिवर्तित होते संसार के साथ कायम रखना सीखें। भाग्य सिर्फ बहादुर का साथ नहीं देता, उनको भी सहारा देता है, जो परिवर्तन के लिए तैयार रहते हैं।

हम परिवर्तन का अक्सर विरोध करते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि जो हमें आता है, वही हमारे लिए ठीक है। यदि परिवर्तन की प्रक्रिया को अपनाएंगे, तो हमें भी नई-नई चीजें सीखनी पड़ेंगी। वह भले ही हमारे लिए ज्यादा सुविधाजनक हो, फिर भी शुरुआत में हम उसका विरोध करते ही हैं। उदाहरणार्थ, कंप्यूटर पर टाइपिंग की बात आई तो लोगों ने इसका काफी विरोध किया। लेकिन आज कागज-पेन से लिखने के मुकाबले कंप्यूटर पर लिखना बेहद सुविधाजनक माना जाने लगा है, जिसमें समय की भी बचत होती है और गलतियों की आशंका भी कम होती है। अब आज कोई टाइपराइटर पर टाइपिंग करने की आदत न छोड़े तो उसे पीछे ही रहना पड़ेगा।

यह समझ लें कि बदलाव से जीवन में ताजगी आती है। ठहरा हुआ पानी सड़ने लगता है और बहती धारा सदा शुद्ध रहती है। आज के इस गलाकाट प्रतिस्पर्धी युग में इन बदलावों को हम स्वीकारेंगे नहीं, तो हम पिछड़ते जाएंगे, हारते जाएंगे। बेशक हर बदलाव श्रेयस्कर नहीं होता। इसलिए अपने जीवन में इन बदलावों को चुन-चुनकर स्वीकार करना चाहिए, पर हम इन्हें नकार नहीं सकते।

हम अंततः वही बनते हैं, जो हम सोचते हैं। विचार हमें वह बना देते हैं, जो हम होना चाहते हैं। इसलिए यदि हम अपने जीवन से सर्वोत्तम परिणाम पाना चाहते हैं, तो हमें अपने विचारों को बदलते माहौल के अनुरूप निरंतर गतिमान रखना चाहिए। इस विश्व में जड़ता तो मृत्यु का पर्याय है। निरंतर बदलाव के भाव से ही जीवन में ताजगी बनी रहती है, ठीक उसी तरह, जैसे बहाव पानी को शुद्ध रखता है।

बदलाव से हमें एक सुविधा यह भी प्राप्त होती है कि जो हमने गलतियां की हैं, उनको एक बार पुनः सुधारने का अवसर मिलता है। हो सकता है कि पहले हमने गलत दृष्टिकोण से उस समस्या को देखा हो, जिसके समाधान में हमसे गलती हो गई हो। अब परिवर्तित संदर्भ में शायद हमारा दृष्टिकोण सही समाधान दे सके।

जीवन में तरक्की करनी है, तो नई जरूरतों को समझना होगा, यानी वक्त के अनुसार खुद में बदलाव लाना ही होगा...


Comments

Popular Posts